मुख्यपृष्ठनए समाचार...और चोर चोरी करके वहीं सो गया!

…और चोर चोरी करके वहीं सो गया!

कानपुर शहर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि सोशल मीडिया पर भी तहलका मचा दिया है। ये मामला इतना अनोखा और रोचक है कि इसे सुनकर लोग हैरान होने के साथ-साथ हंस भी रहे हैं। एक चोर, जो नशे में पूरी तरह चूर था, चोरी के इरादे से एक घर में घुसा, चोरी की और फिर नशे की हालत में उसी घर के बेड पर सो गया।
क्या है पूरा मामला?
ये घटना रविवार की रात नजीराबाद थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, आरोपी जो मरियमपुर का रहनेवाला बताया जा रहा है, रात के समय भारी नशे में था। उसने पैâक्ट्री कर्मी विनोद कुमार के घर को अपना निशाना बनाया। चोर रात के अंधेरे में चुपके से घर में दाखिल हुआ और अलमारी का ताला तोड़कर कीमती सामान चुराने में कामयाब रहा। लेकिन नशे का आलम ऐसा था कि चोरी करने के बाद वो घर से भागने के बजाय उसी घर के बेडरूम में जाकर बेड पर सो गया।
सुबह जब विनोद कुमार और उनके परिवार की नींद खुली तो उन्होंने घर में कुछ असामान्य देखा। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जब परिवार ने घर की तलाशी ली तो वे उस समय हैरान रह गए जब उन्होंने अपने बेडरूम में एक अनजान व्यक्ति को गहरी नींद में सोते हुए पाया। तुरंत इसकी सूचना नजीराबाद पुलिस को दी गई।

पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही नजीराबाद थाना प्रभारी राजकेसर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और साक्ष्यों के आधार पर सो रहे चोर को हिरासत में ले लिया। प्रभारी राजकेसर ने बताया कि आरोपी की जेब से चोरी किया गया कुछ सामान भी बरामद किया गया है। पूछताछ में पता चला कि नशे की हालत में चोर को ये भी नहीं पता था कि वो कहां है और क्या कर रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

अन्य समाचार