सामना संवाददाता / मुंबई
कबूतरखानों के मुद्दे पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता, युवासेनाप्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे ने कल महायुति सरकार पर जोरदार हमला बोला। आदित्य ठाकरे ने कहा कि अगर दादर का कबूतरखाना वहीं रहने की स्थानीय लोगों की इच्छा है तो शिवसेना स्थानीय लोगों के साथ है, लेकिन इसे आरे कॉलोनी या किसी और जगह ले जाने का शिवसेना विरोध करती है। इसी संदर्भ में आदित्य ठाकरे ने मंत्री मंगल प्रभात लोढा पर तंज कसते हुए कहा कि लोढा वर्ली सी फेस पर बंगला बना रहे हैं तो वहीं कबूतरखाना बना दीजिए।
इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ आदित्य ठाकरे भी दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली दौरे की जानकारी देते समय उन्होंने कबूतरखाने के विषय पर बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि कबूतरों को नियंत्रित खाना (कंट्रोल फीडिंग) देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। कंट्रोल फीडिंग करने का निर्देश दे रहे हो, ये कबूतर हैं, घाती गुट के विधायक नहीं।
वर्ली बीडीडी चॉल के दो टॉवरों की चाबी वितरण करें
मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोमवार को बीडीडी चॉलवासियों को अगले हफ्ते घरों की चाबियां देने की घोषणा की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि बीडीडी पुनर्विकास प्रकल्प शुरू होने के बाद उन्होंने म्हाडा के साथ नियमित बैठकें कर इसका फॉलोअप किया था। उन्होंने कहा कि वर्ली बीडीडी के निवासियों के लिए दो टॉवरों के घरों की चाबियां जल्द से जल्द बांटी जानी चाहिए, ताकि इस साल का गणेशोत्सव वे अपने नए घरों में माना सकें।
