-राहुल गांधी का एलान, बोले, ‘मोगैम्बो मोदी जेन-जी की आवाज जितनी दबाएगा, गुस्सा उतना ही बढ़ेगा’
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में जारी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ा एलान किया है। राहुल गांधी ने सोमवार, १२ अक्टूबर २०२६ को इंडिया गठबंधन और देश के युवाओं के साथ सड़कों पर उतरने की घोषणा की है। उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार और भाजपा-आरएसएस पर तीखा हमला बोला है।
दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस खुद गुंडागर्दी पर उतर आई है और भाजपा-आरएसएस से जुड़े लोगों को महिलाओं तथा युवाओं के खिलाफ हिंसा करने की खुली छूट दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार जितना दमन करेगी, जेन-जी और छात्रों का गुस्सा उतना ही बढ़ेगा। राहुल गांधी ने साफ किया कि विपक्ष इस मुद्दे पर पीछे हटने वाला नहीं है और विरोध की आवाज पहले से ज्यादा मजबूती के साथ उठाई जाएगी।
मुख्य न्यायाधीश से
मुलाकात की तैयारी
राहुल गांधी ने यह भी घोषणा की कि सोमवार को विपक्ष मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात कर दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई का मुद्दा उठाएगा। उन्होंने कहा कि जब संविधान और लोकतंत्र पर खतरा हो, तब कानून के संरक्षकों को चुप नहीं रहना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कार्रवाई के लिए जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए स्पष्ट किया कि विपक्ष इस मामले को आगे भी उठाता रहेगा।
इंडिया गठबंधन के साथ सड़क पर उतरेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने एलान किया कि सोमवार को कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के नेता और देश के युवा बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि सरकार चाहे जितनी पुलिस तैनात कर ले, विपक्ष डरने वाला नहीं है।
