सामना संवाददाता / नई दिल्ली
वोट चोरी, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के युवाओं से ‘डरो मत’ का आह्वान करते हुए सोमवार, १२ अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करने की अपील की है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर युवाओं, सभी विपक्षी दलों, नागरिक संगठनों और संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल युवाओं के साथ पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। उन्होंने कहा कि इन युवाओं के मन में नफरत या गुस्सा नहीं, बल्कि प्रेम की भावना थी। इसके बावजूद उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह भारत की उस कल्पना के खिलाफ है, जिसमें हर नागरिक को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है। राहुल गांधी ने देशवासियों से पार्टीगत राजनीति, जाति, समुदाय, स्त्री-पुरुष भेद और राज्यों की सीमाओं से ऊपर उठकर भारतीय के रूप में एकजुट होने का आह्वान किया। उनका संदेश साफ है कि मताधिकार और लोकतंत्र की रक्षा के सवाल पर डरकर पीछे हटने के बजाय आवाज बुलंद करनी होगी।
