मुख्यपृष्ठनए समाचारजूता फेंकने वाले वकील के विरुद्ध खड़ा हुआ बार एसोसिएशन

जूता फेंकने वाले वकील के विरुद्ध खड़ा हुआ बार एसोसिएशन

– एफआईआर दर्ज करने के लिए कमिश्नर को लिखी चिट्टी
– एफआईआर की देरी में भड़के वकील?

रमेश ठाकुर/नई दिल्ली

चीफ जस्टिस पर जूता फेंकने वाले अधिवक्ता के खिलाफ अब ‘ऑल इंडिया बार एसोसिएशन‘ भी खड़ा हो गया है। एआईबीए की ओर से दिल्ली पुलिस के कमिश्नर को पत्र लिखकर आरोपी एड.राकेश किशोर के खिलाफ तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज करने की मांग हुई है। आरोपी ने 6 अक्टूबर को जारी अदालती कार्यवाही के दौरान मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति बीआर गवई पर जूता फेंका था। आरोपी का संबंध आरएसएस और भाजपा से बताया जा रहा है। एआईबीए के अध्यक्ष डॉ. आदिश सी अग्रवाल ने ‘सामना’ से बात करते हुए कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के अंदर हुई घटना से पूरा कानूनी समुदाय बहुत व्यथित है। जबकि, मुख्य न्यायाधीश ने अवमानना कार्यवाही शुरू करने से इनकार करते हुए उदारता और संयम का परिचय दिया है। लेकिन ये कृत्य भारतीय न्याय संहिता में गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा हमने दिल्ली पुलिस को खत लिखा है कि मामले पर तत्काल संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज की जाए। वरना कोर्ट से गुहार लगाएंगे।

ऑल इंडिया बार एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री से भी अपील की है कि केवल ट्वीट के ज़रिये घटना की निंदा न की जाए। प्रधानमंत्री स्वता संज्ञान लेकर एफआईआर करवाने का आदेश दें। एआईबीए अध्यक्ष ने कहा बिहार में गाली देने वाले को उठा लेने में पुलिस एक सेकेंड तक नहीं लगाती। और दिल्ली में उनके नाक के नीचे इतना बड़ा कांड हुआ, एक एफआईआर तक नहीं हुई अभी तक? वहीं, सीजेआई पर हुई हमले को लेकर कानून मंत्री ने अपने बयान में कहा कि कोई भी इस घटना का समर्थन नहीं कर सकता।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा भाजपा की नफरती चिंगारी अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई। उन्होंने कहा ये महज ट्रेलर है फिल्म अभी बाकी है। भाजपा पूरे देश को नफरत की आग में झोंकने पर तुली है। श्रीनेत ने कहा घटना पर उनके मुखिया जो घड़ियाली सहानुभूति दिखाते हैं उसे देश की जनता अच्छे से जानती हैं।

अन्य समाचार