सामना संवाददाता / मुंबई
महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष मंजु तिवारी से कथित गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप; पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्रा का नाम भी आया सामने
मुंबई। महाराष्ट्र में भाजपा की सत्ता होने के बावजूद भाजपा की ही एक महिला पदाधिकारी को कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। उत्तर मुंबई भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष मंजु अशोक तिवारी की शिकायत पर दिंडोशी पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस विवाद में भाजपा के पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्रा की भूमिका को लेकर भी शिकायतकर्ता ने आरोप लगाए हैं। मामले ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 4:47 बजे मंजु तिवारी और पूर्व नगरसेवक विनोद मिश्रा के बीच फोन पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान कथित तौर पर किसी टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसके बाद नामजद व्यक्ति ने मिश्रा के हाथ से मोबाइल लेकर तिवारी से बात की और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर कथित रूप से अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के अनुसार, घटना के बाद मंजु तिवारी ने अपने परिचित प्रशांत कलसरिया और बेटे निशांत तिवारी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह दिंडोशी पुलिस स्टेशन पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मिश्रा ने उनसे पुलिस स्टेशन जाने और बातचीत की रिकॉर्डिंग होने के बारे में सवाल किए।
दिंडोशी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक नागनाथ विठ्ठलराव कलबांडे मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। आरोपों की सत्यता और संबंधित लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
