-१.४० करोड़ रुपए के कर्ज से बचने के लिए रची साजिश
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बीजेपी नेता के बेटे ने १.४० करोड़ रुपए के कर्ज से बचने के लिए अपनी ही मौत का झूठा नाटक रचा। इस नाटक में पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने १० दिनों तक उसकी तलाश के लिए नदी में अभियान चलाया लेकिन बाद में उसका झूठ पकड़ा गया।
बता दें कि ५ सितंबर को जानकारी मिली कि एक कार कालीसिंध नदी में गिर गई है। गोताखोरों ने कार को बाहर निकाला, लेकिन उसमें कोई नहीं था। कार भाजपा नेता के बेटे विशाल सोनी की निकली। विशाल ने कार को नदी में धकेलकर खुद को मृत दिखाने की योजना बनाई। उसकी गुमशुदगी की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने लगभग २० किलोमीटर लंबे नदी क्षेत्र में १० दिन तक तलाशी अभियान चलाया। एसडीआरएफ की गोताखोर टीमों ने कई बार सर्च किया, लेकिन विशाल का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान परिवार और स्थानीय लोगों को यही विश्वास रहा कि वह नदी में डूब गया है। जांच में सामने आया कि विशाल सोनी के पास छह ट्रक और दो सार्वजनिक वाहन हैं, लेकिन इन व्यवसायों में नुकसान होने के कारण वह १.४० करोड़ रुपए से अधिक के बैंक कर्ज में डूबा हुआ था।
महाराष्ट्र से बरामद हुआ आरोपी
पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन की जांच की तो पता चला कि विशाल महाराष्ट्र में है। राजगढ़ पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस की मदद से उसे संभाजीनगर जिले के फरदापुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विशाल ने स्वीकार किया कि उसने खुद को मृत दिखाने की योजना बनाई थी।
