मुख्यपृष्ठनए समाचारबिहार में महाराष्ट्र वाला पैटर्न नीतीश को धोखा देगी भाजपा!..अखिलेश यादव के...

बिहार में महाराष्ट्र वाला पैटर्न नीतीश को धोखा देगी भाजपा!..अखिलेश यादव के दावों पर मची सनसनी

सामना संवाददाता / लखनऊ

बिहार में विधानसभा चुनाव का रण इस समय अपने चरम पर है। विपक्षी पार्टियां महाराष्ट्र में शिंदे की तरह बिहार में नीतीश के साथ धोखे की बातें बार-बार कह रही हैं। अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इसी बात को दोहराया है। अखिलेश यादव ने गुरुवार को दावा किया कि अगर भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए बिहार विधानसभा चुनाव जीतता है तो भाजपा नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। बिहार में भी महाराष्ट्र वाला पैटर्न अपनाया जाएगा और जो हाल एकनाथ शिंदे का हुआ वही हाल सीएम नीतीश कुमार का होगा। चुनाव के बाद भाजपा नीतीश कुमार को धोखा देगी।
गाजीपुर के सैदपुर में पार्टी विधायक अंकित भारती के विवाह समारोह में शिरकत करने पहुंचे अखिलेश यादव ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार को भले ही चुनाव का दूल्हा घोषित किया हो, लेकिन चुनाव में जीत मिलने के बाद भाजपा नीतीश को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक साजिश के तहत नीतीश कुमार को आगे करके चुनाव लड़ रही है। जीतने के बाद उन्हें किनारे कर देगी। अखिलेश ने कहा कि आप पूछ सकते हैं कि मैं यह किस आधार पर कह रहा हूं। दरअसल, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में क्या हुआ। जिन्हें चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया गया था, उन्हें जीत के बाद पद नहीं दिया गया। बिहार में भी ऐसा ही होगा।

अन्य समाचार