मुख्यपृष्ठनए समाचार`बिहार में नहीं चलेगी भाजपा की चोरी' ...पटना में बंद के दौरान...

`बिहार में नहीं चलेगी भाजपा की चोरी’ …पटना में बंद के दौरान गरजे राहुल-तेजस्वी

-चुनाव आयोग पर बोला बड़ा हमला
-बिहार बंद में दिखी महागठबंधन की एकजुटता
मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण और ट्रेड यूनियन की हड़ताल के समर्थन में कल बिहार बंद रहा। इस दौरान महागठबंधन की एकजुटता दिखी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में तमाम घटक दलों के नेता सड़क पर उतरे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, वीआईपी चीफ मुकेश सहनी, सीपीआई माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और सीपीआई नेता डी. राजा समेत राज्य स्तर के तमाम बड़े चेहरे पटना की सड़क पर मार्च करते नजर आए।
पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर जब राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पहुंचे तो कार्यकर्ताओं में काफी जोश देखा गया। वोटर पुनरीक्षण को लेकर सभी कार्यकर्ता एक सुर में नारेबाजी कर रहे थे। कई कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठे नजर आए। अपनी-अपनी पार्टी का झंडा लिए ये कार्यकर्ता बड़े ही जोश के साथ बिहार बंद को सफल बनाते दिखे। तमाम नेता वीर चंद पटेल रोड से होते हुए आर ब्लॉक और विधानसभा की तरफ निकले। इस दौरान राहुल ने कहा कि महाराष्ट्र की तर्ज पर बिहार में भी बीजेपी वोट की चोरी करना चाहती है। महाराष्ट्र में अलग मॉडल और बिहार में अलग मॉडल के जरिए वोट की चोरी की जा रही है, लेकिन इसे हम किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे।

चुनाव आयोग मैं आपको साफ बोल रहा हूं। मैं बिहार और हिंदुस्थान की जनता को स्पष्ट कह रहा हूं कि महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था और वैसे ही बिहार का चुनाव चोरी करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें पता है कि हमने महाराष्ट्र मॉडल समझ लिया है, इसलिए वे बिहार मॉडल लाए हैं। -राहुल गांधी

भाजपा की, नीतीश जी की, चुनाव आयोग की दादागीरी नहीं चलेगी। लोकतंत्र की जननी बिहार है और लोकतंत्र के जननी स्थल से लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश चल रही है, लेकिन हम लोग ऐसा होने नहीं देंगे।
-तेजस्वी यादव

अन्य समाचार