– पांच राज्यों के चुनावी दौर में भाजपा को १,४७२.८ करोड़ रुपए की प्राप्ति
-क्लोजिंग बैलेंस ६,७२२ करोड़ रुपए से उछलकर ७,६२७ करोड़ रुपए
-कांग्रेस से सात गुना से भी ज्यादा रकम
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा के खजाने में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। चुनाव आयोग के सामने जमा पार्टी के चुनाव खर्च विवरण के मुताबिक, भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय को १५ मार्च से ६ मई २०२६ के बीच कुल १,४७२.८ करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई। सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा पार्टी के क्लोजिंग बैलेंस का है। १५ मार्च को भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय के पास ६,७२२.६ करोड़ रुपए का बैलेंस था, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होते-होते ६ मई को बढ़कर ७,६२७.२ करोड़ रुपए हो गया। यानी चुनावी दौर में भी भाजपा का खजाना करीब ९०४.६ करोड़ रुपए और बढ़ गया।
भाजपा को बेहिसाब चंदा?
भाजपा की ओर से अभी असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनाव खर्च का विवरण सार्वजनिक हुआ है। इन तीन राज्यों में पार्टी ने करीब १६० करोड़ रुपए खर्च किए। सबसे ज्यादा ९६.३ करोड़ रुपए असम में, ५१.६ करोड़ रुपए, तमिलनाडु और करीब ११.९ करोड़ रुपए पुडुचेरी में खर्च हुए। तुलना में कांग्रेस ने इसी चुनावी दौर में पांच राज्यों से कुल करीब २०७.१७ करोड़ रुपए की शुद्ध प्राप्तियां बतार्इं, जबकि उसका चुनावी खर्च २४८.५५ करोड़ रुपए रहा। यानी भाजपा की प्राप्तियां कांग्रेस से सात गुना से भी अधिक रहीं। दिलचस्प बात यह है कि पश्चिम बंगाल और केरल के लिए भाजपा के विस्तृत चुनाव खर्च विवरण अभी सार्वजनिक नहीं हुए हैं। ऐसे में पार्टी की कुल चुनावी प्राप्तियां आगे और अधिक निकल सकती हैं।
