– कुर्ला बेस किचन का लाइसेंस सस्पेंड
– खुला खाना, खुले कचरे के पास तैयारी,
-गंदे-बदहाल बर्तन; जुहू के तीन प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
सामना संवाददाता / मुंबई
रेल यात्रियों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोई की हालत देखकर महाराष्ट्र एफडीए भी चौंक गया। कुर्ला-पश्चिम स्थित आईआरसीटीसी से जुड़े बेस किचन के निरीक्षण में खाद्य भंडारण और प्रोसेसिंग क्षेत्र में कॉकरोच मिलने के साथ खुले खाद्य पदार्थ, खराब साफ-सफाई और कर्मचारियों की स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आर्इं। इसके बाद एफडीए ने आर.के. एसोसिएट्स होटलियर्स प्राइवेट लिमिटेड के इस बेस किचन का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया।
एफडीए ने २ सितंबर को मुंबई में रेल यात्रियों को भोजन सप्लाई करने वाले पांच बेस किचन और फूड प्लाजा का निरीक्षण किया था। कुर्ला किचन को जांच में ११४ में से सिर्फ ७८ अंक मिले। अधिकारियों के मुताबिक यहां कॉकरोच के अलावा खुले कचरे के पास खाना तैयार होता मिला, फर्श की १७ टाइलें टूटी थीं और एलपीजी सिलेंडरों के पास खाद्य प्रसंस्करण किया जा रहा था। कई बर्तन और खाद्य संपर्क उपकरण गंदे तथा जंग लगे पाए गए।
३४ खाद्य कर्मचारियों में केवल २१ के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध थे। एक कर्मचारी उंगली में घाव होने के बावजूद खाना संभालता मिला। कार्रवाई के बाद किचन को सुधार होने तक खाना बनाने और सप्लाई करने से रोक दिया गया। आईआरसीटीसी ने दावा किया कि सुधारात्मक कदम पूरे कर लिए गए हैं।
इसी अभियान में जुहू के इस्कॉन परिसर स्थित तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए। वहां कीट संक्रमण, बंद नालियां, जमा गंदा पानी, खाद्य अपशिष्ट और स्वच्छता संबंधी कई कमियां मिलीं।
