सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के चेंबूर स्थित पांजरापोल इलाके में करीब २० बिल्लियों की संदिग्ध हत्या और उनके क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया है। बेजुबान जानवरों के साथ हुई कथित बेरहमी ने स्थानीय नागरिकों और पशुप्रेमियों को झकझोर दिया है। लगातार सामने आ रहे शवों ने इलाके में किसी अज्ञात ‘सीरियल वैâट किलर’ की आशंका को जन्म दिया है।
स्थानीय केयरटेकर रूबीना पठान के मुताबिक, अगस्त महीने में उन्हें कुछ बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव मिले थे। इसके बाद ४ सितंबर को छह और बिल्लियों के शव मिलने से मामला और गंभीर हो गया। अगले ही दिन एक और मृत बिल्ली तथा गंभीर रूप से घायल बिल्ली का बच्चा मिला। घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद आरसीएफ पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में पेटा इंडिया ने बिल्ली देखभालकर्ता और पुलिस के साथ मिलकर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बिल्लियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग हैं।
आरोपी तक पहुंचने वाले को ५० हजार का इनाम
पेटा इंडिया ने आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और सजा सुनिश्चित कराने में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को ५० हजार रुपए तक के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा ३२५ तथा पशु क्रूरता निवारण कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
