राजेश सरकार / प्रयागराज
मोहर्रम की दसवीं पर शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत बड़ी हल्दी गांव में एक विवाहिता का शव कमरे के भीतर साड़ी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही परिजनों ने शव को फंदे से उतार लिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर जनपद के बेलबाग थाना क्षेत्र निवासी मुस्कान के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व बड़ी हल्दी गांव निवासी मोहम्मद अमन से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें दो वर्षीय बेटी अमीमा और नौ माह का बेटा अमजद शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात किसी बात को लेकर मुस्कान का अपनी सास से विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। शुक्रवार सुबह उसका शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला।
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी कमलेश पटेल ने बताया कि सूचना मिलने से पहले ही परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतार लिया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसके कारण शनिवार को पोस्टमार्टम कराए जाने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि मृतका के परिजन तहरीर देते हैं, तो उसके आधार पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता सगीर अहमद और माता सबीना बेगम जबलपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
