फिरोज खान / मुंबई
लोकल ट्रेन में २२ साल के युवक मयंक लोहार की चाकू घोंपकर की गई हत्या में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। आरोपी ने ट्रेन पकड़ने से पहले रम की एक पूरी बोतल पी ली थी। पूरी तरह नशे में धुत्त होकर उसने अंधेरी से चर्चगेट-नालासोपारा वाली फास्ट लोकल पकड़ी थी।
आरोपी से पूछताछ में एक और चौंकानेवाली जानकारी सामने आई है। आरोपी ने हाल ही में अपने एक दोस्त से ६ इंच का चाकू खरीदा था और उसे अपने बैग में रख लिया था। ट्रेन में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में उसने पहली बार चाकू हाथ में लिया और उसी से मर्डर हो गया। कत्ल को अंजाम देने के बाद आरोपी बोरीवली रेलवे स्टेशन पर उतर गया। वहां से रिक्शा पकड़कर वह मीरा रोड स्थित अपने घर पहुंचा। नहाकर वह सीधे पनवेल के लिए रवाना हो गया। वह मुंबई छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ में एक और चौंकानेवाली जानकारी सामने आई है। ट्रेन में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में उसने पहली बार चाकू हाथ में लिया और उसी से मर्डर हो गया।
एनकाउंटर करो या
फांसी की सजा दो
लोकल ट्रेन में मारे गए मयंक की मां और बहन ने पुलिस से इंसाफ की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी रोशन सुवर्णा को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मृत मयंक के भाई ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपी को सीधे फांसी पर चढ़ा दो या उसका एनकाउंटर कर दो, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।
टी-शर्ट पर लगे ‘लोगो’ से हुई गिरफ्तारी
फरार आरोपी की शिनाख्त के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। तभी आरोपी की टी-शर्ट पर लगे लोगो पर पुलिस की नजर पड़ी। पता चला कि लोगो एक कार्गो कंपनी का है। वहां पहुंचकर पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी वहां बारकोड बनाने का काम करता था। वहीं से आरोपी का मोबाइल नंबर और घर का पता मिला, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।
