मुख्यपृष्ठनए समाचारबम फेंकने की धमकी देनेवाले सांसद को यूएपीए के तहत गिरफ्तार करो...

बम फेंकने की धमकी देनेवाले सांसद को यूएपीए के तहत गिरफ्तार करो …गद्दार संजय दीना पाटील पर भड़के संजय राऊत

मुंबई पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की मांग
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना से अलग होकर शिंदे गुट की ‘गैंग ऑफ गद्दार’ में शामिल हुए सांसदों के खिलाफ राज्यभर में आक्रोश व्यक्त किया जा रहा है और जगह-जगह आंदोलन हो रहे हैं। इससे बौखलाए सांसद संजय दीना पाटील ने कथित रूप से कहा कि यदि कोई मेरे खिलाफ आंदोलन करेगा तो मैं उसे मार दूंगा, उस पर बम फेंक दूंगा, उसे घर में घुसकर मारूंगा। इस बयान को गंभीरता से लेते हुए शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने मुंबई पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर बम फेंकने की धमकी देने वाले सांसद को यूएपीए कानून के तहत गिरफ्तार करने की मांग की है।
संजय राऊत ने अपने पत्र में कहा है कि किसी सांसद द्वारा बम फेंकने की धमकी देना अत्यंत चिंताजनक है। यदि ये बम उन्होंने अपने घर में बनाए हैं तो उनके घर की तत्काल तलाशी ली जानी चाहिए। इसके लिए आतंकवाद निरोधक दस्ते की भी सहायता ली जानी चाहिए। यदि ये बम उन्हें किसी आतंकवादी संगठन से मिले हैं तो इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का गंभीर मामला माना जाना चाहिए तथा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में उनके विरुद्ध यूएपीए के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
संजय राऊत ने कहा कि शिवसेना से अलग हुए छह सांसदों के खिलाफ राज्य में भारी नाराजगी है। मतदाताओं के साथ विश्वासघात होने के कारण लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन करना और जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईशान्य मुंबई के सांसद संजय पाटील ने आंदोलनकारियों को धमकी देते हुए कहा कि मेरे पीछे मत पड़ो। मेरे खिलाफ आंदोलन करने से पहले जीवन बीमा करा लो। मैं तुम्हें सीधे श्मशान भेज दूंगा या अस्पताल पहुंचा दूंगा।

५ लोगों को मारा वह कौन, इसकी जांच हो
संजय राऊत ने पुलिस आयुक्त का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि संजय पाटील ने यह भी कहा है कि उन्होंने पहले पांच लोगों की हत्या की है। राऊत ने मांग की कि इन कथित बयानों की जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि वे पांच लोग कौन थे। यदि इसमें कोताही बरती गई तो वे कोर्ट का रुख करेंगे।

अन्य समाचार