सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना से गद्दारी कर एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हुए उत्तर-पूर्व मुंबई के सांसद संजय दीना पाटील द्वारा पत्रकारों के साथ किए गए कथित अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस पूरे मामले में शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए संजय दीना पाटील को सांसद पद से इस्तीफा देने की खुली चुनौती दी है।
मीडिया को दिए बयान में आदित्य ठाकरे ने कहा कि ये अब जनता के प्रतिनिधि नहीं, बल्कि मिंधे प्रतिनिधि बन चुके हैं। वे पत्रकारों को गालियां दे रहे हैं, धमकियां दे रहे हैं और दबंगई दिखा रहे हैं। अगर उनमें थोड़ी भी हिम्मत और शर्म बाकी है तो वे आज ही सांसद पद से इस्तीफा दें और भाजपा या शिंदे गुट के चेहरे पर चुनाव लड़कर दिखाएं।
गौरतलब है कि मीडियाकर्मियों पर गुस्सा जाहिर करते हुए संजय दीना पाटील ने कहा कि अगर आप लोग दोबारा यहां आए तो मैं आपको मारकर भगा दूंगा। इसे वैâमरे में रिकॉर्ड कर लीजिए। आप लोग बेवजह मुझे उंगली कर रहे हैं। मैं यह बात पुलिस के सामने भी कह रहा हूं, आपको जो करना है कर लीजिए। इसके अलावा कुछ दिन पहले शिवसेना के नेताओं पर निशाना साधते हुए संजय दीना पाटील ने कहा था कि जो लोग मेरे रास्ते में आएंगे, उन्हें मैं या तो अस्पताल पहुंचा दूंगा या श्मशान घाट। हमारे परिवार के बीच कभी पांच लोगों की हत्या हुई थी। उनके इस बयान से बवाल मचा हुआ है।
