मुख्यपृष्ठसमाचारमहिला सुरक्षा पर उठे सवाल रेलवे ने लिया टेक्नोलॉजी का सहारा!

महिला सुरक्षा पर उठे सवाल रेलवे ने लिया टेक्नोलॉजी का सहारा!

-मध्य रेलवे ने शुरू की ‘एसओएस’ सुविधा

-रात १० बजे से सुबह ६ बजे तक रहेगी सक्रिय

जेदवी / मुंबई

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ट्रेन, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और स्टेशन परिसरों में महिलाओं के साथ छेड़खानी, असुरक्षा और दुर्घटनाओं की लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच मध्य रेलवे को अब महिला यात्रियों के लिए विशेष ‘एसओएस’ सुरक्षा सुविधा शुरू करनी पड़ी है।
मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘यात्री’ ऐप के सहयोग से यह सुविधा शुरू की है, जिसका उद्देश्य संकट की स्थिति में महिला यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। इस सुविधा का उद्घाटन २३ जून को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर किया गया।
मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क से प्रतिदिन लाखों महिलाएं यात्रा करती हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में महिला यात्री ‘यात्री’ ऐप के जरिए सीधे आरपीएफ से संपर्क कर सकेंगी। ‘एसओएस’ बटन दबाते ही यात्री की लाइव लोकेशन, ट्रेन नंबर, मार्ग, रैक की जानकारी और निकटवर्ती स्टेशन का विवरण स्वत: रेलवे सुरक्षा बल के नियंत्रण कक्ष तक पहुंच जाएगा, जिससे त्वरित मदद उपलब्ध कराई जा सकेगी।
यह सुविधा प्रतिदिन रात १० बजे से सुबह ६ बजे तक सक्रिय रहेगी। ‘एसओएस’ चिन्ह केवल उन उपयोगकर्ताओं को दिखाई देगा, जिन्होंने ऐप की प्रोफाइल में अपना लिंग ‘महिला’ दर्ज किया है। गलत अलर्ट से बचने के लिए पांच सेकंड का ‘वैंâसिल’ विकल्प भी दिया गया है। मध्य रेलवे का कहना है कि यह पहल तकनीक आधारित पुलिसिंग और महिला सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, यह भी साफ है कि लोकल ट्रेनों में महिलाओं के साथ लगातार सामने आ रही छेड़खानी और दुर्घटनाओं की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिसके बीच यह नई व्यवस्था शुरू की गई है।
एक क्लिक पर पहुंचेगी मदद
यदि किसी महिला को ट्रेन, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज या स्टेशन परिसर में असुरक्षित महसूस होता है, तो उसे केवल ‘यात्री’ ऐप खोलकर ‘एसओएस’ बटन दबाना होगा। इसके बाद उसका स्थान और यात्रा से जुड़ी जानकारी स्वत: आरपीएफ कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगी और तत्काल सहायता की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

अन्य समाचार