-मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका
राजेश सरकार / प्रयागराज
12 जून से लापता प्रयागराज की नवविवाहिता का शव संगम नगरी से करीब 100 किलोमीटर दूर फतेहपुर जनपद के खागा क्षेत्र में मिला है। गुरुवार तड़के यमुनानगर बारा थाना पुलिस ने फोन पर इसकी सूचना मृतका के मायके वालों को दी। शव मिलने के बाद पुलिस ने पति, नाना और नानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
-रंजना के रूप में हुई पहचान
मृतका की पहचान बारा थाना क्षेत्र के कोटवारन का पूरा गांव निवासी रंजना पांडेय (पत्नी कुनाल तिवारी) के रूप में हुई है। रंजना के पति ने 12 जून को बारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
-मायके वाले जता रहे हत्या की आशंका
वहीं, मायका पक्ष शुरू से ही हत्या की आशंका जता रहा था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-फरवरी 2025 में हुई थी शादी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंजना पांडेय की शादी 20 फरवरी 2025 को बारा थाना क्षेत्र के कोटवारन का पूरा गांव निवासी कुनाल तिवारी, पुत्र सुरेंद्र तिवारी उर्फ दीक्षित, के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, 12 जून 2026 से रंजना लापता थीं। इसके बाद उनके पति कुनाल तिवारी ने बारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मृतका के पिता शिवशंकर पांडेय यमुनानगर के घूरपुर थाना क्षेत्र के उभारी गांव के रहने वाले हैं।
-पिता ने कहा, बेटी की हत्या की गई
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उनका कहना है कि 10 जून की शाम उनकी बेटी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। गुरुवार तड़के फतेहपुर के खागा क्षेत्र में शव मिलने की सूचना मिलने के बाद बारा थाना पुलिस ने मृतका के पति कुनाल तिवारी, नाना प्रसिद्धे और नानी शीला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
-पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
