तस्मानिया की सुप्रीम कोर्ट में समर्स ने बच्चों के यौन शोषण और ग्रूमिंग से जुड़े दो गंभीर आरोपों में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया। ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट और बिग बैश लीग (बीबीएल) में खेल चुके पूर्व तेज गेंदबाज एरोन समर्स नाबालिग से यौन शोषण के मामले में दोषी करार दिए गए हैं। तस्मानिया की सुप्रीम कोर्ट में समर्स ने बच्चों के यौन शोषण और ग्रूमिंग से जुड़े दो गंभीर आरोपों में अपना जुर्म कबूल कर लिया। मामला १६ जनवरी २०१८ का है, जब वह होबार्ट हरिकेन्स टीम का हिस्सा थे। अभियोजन पक्ष के अनुसार, समर्स ने सोशल मीडिया के जरिए १५ वर्षीय किशोरी से संपर्क किया और उसे कार में बैठाकर एक स्थानीय स्कूल ले गए, जहां कथित तौर पर उसका यौन शोषण किया। बचाव पक्ष ने अदालत से नरमी बरतने की अपील की, लेकिन न्यायाधीश ने राहत देने से इनकार करते हुए उनकी जमानत रद्द कर दी और उन्हें हिरासत में भेज दिया। उल्लेखनीय है कि समर्स २०२१ में भी बाल शोषण सामग्री रखने और प्रसारित करने के मामले में जेल की सजा काट चुके हैं। इस मामले में अदालत अगस्त में सजा सुनाएगी।
