सामना संवाददाता / अयोध्या
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और कथित गबन के मामले ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि यह स्पष्ट है कि धन का गबन किया गया है। मैंने इस मामले पर मोदी जी से बात की है। उन्होंने बताया कि हो सकता है कि आने वाले दिनों में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा जेल जाएं।
कटियार ने दावा किया कि वे पीएम नरेंद्र मोदी के संपर्क में हैं और उन्हें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी होगी और सच्चाई सामने आएगी। कटियार ने आरोप लगाया कि मंदिर से जुड़े धन के दुरुपयोग की गंभीर शिकायतें सामने आई हैं और एसआईटी इस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और सभी तथ्यों की गहराई से जांच जरूरी है।
संघ ने भाजपा को फटकारा
अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान राशि में कथित अनियमितताओं के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा को फटकार लगाई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए।
