-गैंगस्टरों के खौफ से फिल्मी दुनिया में खामोशी
-ठप होने के कगार पर है फिल्म इंडस्ट्री
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की जिस फिल्म इंडस्ट्री ने दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई, जिस बॉलीवुड की चमक-दमक के पीछे हजारों लोगों का रोजगार जुड़ा है, आज वही फिल्मी दुनिया गैंगस्टरों की धमकियों के साये में दिखाई दे रही है। कभी फिल्मों की शूटिंग, सितारों की पार्टियों और बड़े आयोजनों को लेकर चर्चा में रहने वाला बॉलीवुड अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। लगातार मिल रही धमकियों ने फिल्मी सितारों से लेकर निर्माताओं, निर्देशकों और सुरक्षा एजेंसियों तक की चिंता बढ़ा दी है।
ताजा मामला अभिनेता आयुष्मान खुराना से जुड़ा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आयुष्मान को एक धमकी भरा ऑडियो संदेश भेजा गया है। इसमें फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए करोड़ों रुपये की मांग की है। पुलिस अब ऑडियो में मौजूद आवाज का मिलान अपने रिकॉर्ड से कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या गैंग के नाम का इस्तेमाल करके वसूली का खेल खेल रहा है। इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी कथित तौर पर ५ करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला ऑडियो संदेश मिला था। इसमें धमकी देने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। यानी गैंग के नाम का इस्तेमाल करके डर पैदा करने और वसूली करने की आशंका भी जांच के दायरे में है।
सितारों की सुरक्षा बढ़ी, लेकिन शूटिंग का क्या
धमकियों के बाद अब फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव दिखाई देने लगा है। सितारों की निजी सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाने से पहले सुरक्षा की समीक्षा हो रही है। शाहरुख खान के जन्मदिन पर मन्नत के बाहर भारी पुलिस बंदोबस्त इसका उदाहरण रहा।
आखिर बॉलीवुड को निशाना बनाने का सिलसिला कब थमेगा
१८ अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग ने फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था। इस हमले में टाइगर सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए। इस मामले में गैंग से जुड़े लोगों द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे सामने आए। पुलिस ने अब तक १३ लोगों को गिरफ्तार किया है और कई अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
