मुख्यपृष्ठनए समाचाररुपया धड़ाम, डॉलर बेलगाम... १०६ तक पहुंच सकता है डॉलर!.. महंगाई से...

रुपया धड़ाम, डॉलर बेलगाम… १०६ तक पहुंच सकता है डॉलर!.. महंगाई से देश में मचेगा हाहाकार

-एक्सिस बैंक रिसर्च की रिपोर्ट में चेतावनी, दिसंबर २०२७ तक १०२ और २०२८ के अंत तक १०६ रुपए प्रति डॉलर पहुंचने का अनुमान; पेट्रोल-डीजल से लेकर विदेश में पढ़ाई और यात्रा तक हो सकती है महंगी

सामना संवाददाता / मुंबई

डॉलर के मुकाबले रुपए में हालिया मजबूती के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। एक्सिस बैंक रिसर्च की एक रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि दिसंबर २०२७ तक रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरकर १०२ के स्तर तक पहुंच सकता है। इतना ही नहीं, २०२८ के अंत तक इसके १०६ रुपए प्रति डॉलर तक लुढ़कने की आशंका जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च २०२७ तक डॉलर की कीमत ९७ से ९९ रुपए और जून २०२७ तक ९८ से १०० रुपए के बीच रह सकती है।
रिपोर्ट में रुपए पर दबाव के पीछे विदेशी पूंजी का बाहर जाना, बाहरी वित्तीय असंतुलन और विदेशी मुद्रा भंडार को दोबारा मजबूत करने की जरूरत जैसे कारण बताए गए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक के लगातार हस्तक्षेप से प्रभावी विदेशी मुद्रा भंडार पर भी दबाव पड़ने की बात कही गई है। इसके अलावा, उदारीकृत धन प्रेषण योजना के तहत हर महीने करीब २ से ३ अरब डॉलर और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के जरिए लगभग ३ अरब डॉलर की पूंजी बाहर जाने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, बीते सप्ताह विदेशी निवेश बढ़ने, अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट और डॉलर में स्थिरता के चलते रुपया ३७ पैसे मजबूत हुआ था। इसके बावजूद दीर्घकालीन तस्वीर चिंताजनक बताई गई है। रुपए की गिरावट का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है और इसका भुगतान डॉलर में होता है। ऐसे में रुपया कमजोर होने से पेट्रोल-डीजल महंगे होने का खतरा बढ़ेगा। इसका असर माल ढुलाई, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। वहीं विदेश में पढ़ाई, यात्रा और आयातित सामान खरीदना भी महंगा हो सकता है।

अन्य समाचार