मुख्यपृष्ठनए समाचारसंगम पर सेल्फी के बीच थम गईं सांसें

संगम पर सेल्फी के बीच थम गईं सांसें

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम की लहरों के बीच नौका सैर का आनंद ले रहे एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। मथुरा से प्रयागराज घूमने आए 38 वर्षीय एक श्रद्धालु की नाव पर सफर के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। शनिवार शाम को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने हर देखने वाले को झकझोर कर रख दिया है। दिल को झकझोर देने वाली यह घटना 15 जुलाई की है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि श्रद्धालु विष्णु ठाकुर लाइफ जैकेट पहनकर नाव पर बेहद सामान्य स्थिति में बैठे हुए हैं। उनके आगे एक छोटा बच्चा बैठा है और वह खुद मोबाइल चला रहे हैं, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ता है और मोबाइल हाथ से छूटकर वह नाव के फर्श पर गिर जाते हैं। इसके बाद वह दोबारा नहीं उठ सके। श्रद्धालु अपने पूरे परिवार (पत्नी, बच्चे और भाई-बहन) के साथ मथुरा के बरसाना से त्रिवेणी संगम के दर्शन करने आए थे। वह पेशे से गेस्ट हाउस और ट्रेवल्स एजेंसी चलाते थे। उनके चचेरे भाई रणवीर ठाकुर मथुरा में भाजपा के जिला मंत्री हैं। हादसे के समय नाव पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। नाविक तुरंत नाव को किनारे लेकर आया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर स्थानीय दारागंज थाना पुलिस का बयान भी सामने आया है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस थाने को कोई आधिकारिक लिखित सूचना या शिकायत नहीं दी गई थी। मौत के बाद परिजन बिना किसी पुलिसिया कार्रवाई (पोस्टमार्टम) के शव को अपने साथ निजी वाहन से वापस मथुरा ले गए, जहां 16 जुलाई को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

अन्य समाचार