-सोना ऑलटाइम हाई, चांदी के भी दामों में रिकॉर्डतोड़ बढ़ोतरी
सुनील ओसवाल / मुंबई
दिवाली से ठीक पहले देशभर के सर्राफा बाजारों में चांदी और सोने की कीमतों ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। बाजार में चांदी की उपलब्धता घटने और वैश्विक आर्थिक संकेतों के चलते इसकी कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है, वहीं सोने की कीमतें भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।
मुंबई समेत कई शहरों में चांदी के दामों में बीते आठ दिनों में २५,००० रुपए प्रति किलो की बेतहाशा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौजूदा दरों के अनुसार, चांदी का भाव (जीएसटी सहित) १,८५,००० प्रति किलो तक पहुंच गया है, वहीं सोने की कीमतें (जीएसटी सहित) १,२८,००० प्रति किलो पर बनी हुई हैं।
अप्रत्याशित वृद्धि ग्राहकों के लिए चिंता का विषय
दिवाली को पारंपरिक रूप से सोना-चांदी खरीदने का शुभ अवसर माना जाता है। ऐसे में त्योहार से पहले कीमतों में यह अप्रत्याशित वृद्धि ग्राहकों के लिए चिंता का विषय बन गई है। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि आनेवाले दिनों में भी यदि वैश्विक परिस्थितियां ऐसी ही बनी रहीं तो चांदी और सोने के दामों में और बढ़ोतरी संभव है।
कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे ये हैं मुख्य कारण
अमेरिका की नीतियां:- अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित टैरिफ (शुल्क) नीतियों और अमेरिकी फेडरल बैंक द्वारा ब्याज दरों में की गई कटौती के कारण वैश्विक बाजार में निवेशक सुरक्षित निवेश के विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इसका सीधा असर चांदी और सोने की कीमतों पर पड़ा है।
औद्योगिक मांग में उछाल:- चांदी का बड़े पैमाने पर औद्योगिक इस्तेमाल होता है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और औषधीय उपकरणों में इसकी खपत बढ़ने से मांग में तीव्र वृद्धि हुई है।
बाजार में आपूर्ति संकट:- बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, चांदी की आपूर्ति में असंतुलन के कारण इसका स्टॉक घट गया है। इससे चांदी खरीदने के लिए ग्राहकों को ८ दिन पहले ऑर्डर देना पड़ रहा है।
निवेशकों का रुझान:
आर्थिक अनिश्चितता के इस दौर में निवेशक सुरक्षित और स्थिर माने-जानेवाले परिसंपत्तियों जैसे कि सोना और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं। इसके चलते मांग में लगातार इजाफा हो रहा है।
