• योगी के मंत्री राजभर गंभीर, जांच कर पकड़े जाएंगे आरोपी, एक्शन लें अफसर
विक्रम सिंह/सुल्तानपुर
सरकारी कार्यों में पारदर्शिता व भ्रष्टाचारमुक्त तंत्र विकसित करने के लिए कलेक्ट्रेट के दफ्तरों में लगाए गए सीसी कैमरे रहस्यमय ढंग से गायब हो गए हैं। इसे दो दिवसीय प्रवास पर आए जिले के प्रभारी व योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गंभीरता से लिया है। साथ ही आशंका जाहिर की कि.. कहीं इन कैमरों को सपाइयों या सपाई मानसिकता के कर्मचारियों ने तो नहीं उड़ा दिया ! उन्होंने प्रकरण की जांच कर आरोपियों को चिह्नित करके कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
योगी सरकार के ‘बड़बोले’ कैबिनेट मंत्री व भाजपा के सहयोगी दल सुभासपा के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने तंज कसते हुए कहा,सपाई निकाल ले गए होंगे कैमरा। जांच कराके मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं गाजीपुर के एसपी दफ्तर में सुभासपा कार्यकर्ता की पुलिस पिटाई के ताजातरीन मामले पर उन्होंने ‘सरेंडर’ कर दिया। कहा कि यह गलतफहमी में हुई घटना थी। महिला कांस्टेबल को भ्रम हो गया था।इस दौरान राहुल गांधी के ‘हाइड्रोजन बम’ वाले बयान पर उन्होंने पलटवार किया। कहा,अगर वे हाइड्रोजन बम फोड़ेंगे तो हम परमाणु बम फोड़ देंगे।मंत्री राजभर कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के बाद शहर के तिकोनिया पार्क में सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विकसित भारत २०४७ विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने मीडिया से यह बातें कहीं
