मुख्यपृष्ठनए समाचारउल्हासनगर मनपा में बवाल...भाजपाई नगरसेवकों के समर्थकों में मारपीट!.. कमीशन और टेंडर...

उल्हासनगर मनपा में बवाल…भाजपाई नगरसेवकों के समर्थकों में मारपीट!.. कमीशन और टेंडर को लेकर हुई हाथापाई

अनिल मिश्रा / उल्हासनगर

महानगरपालिका के गलिच्छ बस्ती उन्मूलन समिति के सभापति कार्यालय में भाजपा के दो नगरसेवकों के समर्थकों के बीच मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। चर्चा है कि कमीशन और टेंडर को लेकर विवाद बढ़ने पर हाथापाई हो गई। इसमें कई लोग घायल हुए और कार्यालय में भी नुकसान हुआ। मध्यवर्ती पुलिस थाने में दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।
जिम व्यवसायी ने लगाया मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, जिम व्यवसायी मोहन चंद (४३) ने शिकायत दी कि वे नगरसेवक प्रधान पाटील के साथ मनपा के काम और टेंडरों पर चर्चा करने सभापति विपुल मयेकर के कार्यालय गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद विपुल मयेकर, अभिषेक राठौड़, देवा मेहकर, श्रीनिवासा हुरुडुडे, सुरी लबाना, दो बॉडीगार्ड और अन्य समर्थकों ने गाली-गलौज कर मारपीट की। इससे उनकी कलाई और सीने में चोट आई और घड़ी-अंगूठी गायब हो गई। दोबारा मनपा आने पर अंजाम भुगतने की धमकी का भी आरोप है।
सभापति ने लगाया हमले का आरोप
वहीं सभापति विपुल मयेकर (३०) ने शिकायत में कहा कि पुरानी रंजिश में प्रधान पाटील, जतीन पाटील, कल्पेश भोईर, मोहन, कल्पेश और १०-१५ समर्थक उनके कार्यालय में घुसे। आरोप है कि जतीन पाटील ने चाय का कप सिर पर मारा और प्रधान पाटील ने पेपर वेट से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान कुर्सियां, कांच के कप और टेलीफोन तोड़ दिए गए और अभिषेक राठौड़ की सोने की चेन-घड़ी गायब हो गई। दोनों शिकायतों पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामले दर्ज कर जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सुजीत मुंढे कर रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष और गुटनेता राजेश वधारिया ने कहा कि घटना आपसी गलतफहमी से हुई है और पार्टी बैठक में इस पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।

अन्य समाचार