मुख्यपृष्ठनए समाचारघरेलू हिंसा ने छीनी दो जिंदगानी...खून से लाल हुआ कालापानी!

घरेलू हिंसा ने छीनी दो जिंदगानी…खून से लाल हुआ कालापानी!

-पत्नी की गला रेतकर हत्या, फिर अपना भी पति ने काटा गला

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के अग्रीपाड़ा इलाके में शुक्रवार की सुबह एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। कालापानी चौकी के पास सुबह करीब ५ बजे एक १९ वर्षीय युवक ने अपनी १९ वर्षीय पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसी रसोई के चाकू से अपना भी गला काट लिया। दोनों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही पलों में एक परिवार की दुनिया उजड़ गई?
मृतक युवक की पहचान मोहम्मद एहसान शेख और उसकी पत्नी की पहचान जन्नत एहसान शेख के रूप में हुई है। दोनों दिहाड़ी मजदूरी करते थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान मोहम्मद एहसान ने कथित तौर पर जन्नत पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद जन्नत की मौत हो गई, जबकि मोहम्मद एहसान ने भी उसी हथियार से अपना गला काट लिया। पुलिस के मुताबिक, उसे गंभीर हालत में नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने घरेलू विवादों के खतरनाक रूप को एक बार फिर सामने ला दिया है। हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी और घटना से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर कहासुनी हुई थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
अग्रीपाड़ा पुलिस ने किया मामला दर्ज
अग्रीपाड़ा पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं पति की मौत के संबंध में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

अन्य समाचार