मुख्यपृष्ठनए समाचारफेल हुए दावे, ‘तकनीक’ काम न आई... विसर्जन पर बेखौफ चोरों के...

फेल हुए दावे, ‘तकनीक’ काम न आई… विसर्जन पर बेखौफ चोरों के आगे पुलिस बेबस नजर आई!

– भारी बंदोबस्त के बीच पॉकिटमार, चेन स्नैचरों ने की हाथ की सफाई

– १०० मोबाइल फोन, २० चेन हुर्इं चोरी और सैकड़ों लोगों की जेबें कटीं

सामना संवाददाता / मुंबई

गुड गवर्नेंस और सुरक्षा के एडवांस तकनीक का ढोल पीटनेवाली महायुति सरकार के गृह विभाग के सारे दावों की पोल अनंत चतुर्दशी के दिन खुल गई। लालबागचा राजा के मूर्ति विसर्जन पर सुरक्षा के सारे सरकारी दावे फेल हुए और ‘एआई’ तकनीक भी काम नहीं आई। आलम यह रहा कि बेखौफ चोरों के आगे मुंबई पुलिस बेबस नजर आई। खबरों के मुताबिक, विसर्जन के दौरान लालबागचा राजा की जुलूस यात्रा में चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर १०० से ज्यादा लोगों के मोबाइल फोन, २० से अधिक लोगों की सोने की चेन और सैकड़ों लोगों की जेबों पर हाथ साफ कर लिया। ये आंकड़े और भी ज्यादा हो सकते हैं, क्योंकि कई लोगों ने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज करवाने की जहमत नहीं उठाई है।
बता दें कि इस साल गणेशोत्सव और विसर्जन के दौरान शहर में आला अफसर से लेकर कांस्टेबल तक के पुलिस कर्मियों को बंदोबस्त में तैनात किया गया था। हर एक शख्स और चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखने के लिए एआई निगरानी और सीसीटीवी वैâमरे लगाए गए थे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल एक्शन लिया जा सके।
शिकायतों के बाद हरकत में आई पुलिस
कालाचौकी पुलिस स्टेशन में जब शिकायतों का सिलसिला शुरू हुआ तो पुलिस फौरन हरकत में आई और १६ लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। अब तक पुलिस को ४ मोबाइल फोन जब्त करने में कामयाबी मिली है। चेन स्नैचिंग मामले में १२ लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन किसी के पास चेन बरामद नहीं हुई है। कई पॉकिटमारों को भी पुलिस ने अलग-अलग इलाके से उठाया है।
भारी पैमाने पर थी सुरक्षा व्यवस्था
गणेशोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई में २१,००० से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। १२ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, ४० उप आयुक्त, ६१ सहायक पुलिस आयुक्त, ३,००० अधिकारी और १८,००० पुलिसकर्मी बल का हिस्सा बने थे। इसके अलावा राज्य आरक्षित पुलिस बल की १४ कंपनियां, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की चार कंपनियां, त्वरित प्रतिक्रिया दल और बम खोजी एवं निस्तारण दस्ता भी तैनात था।

अन्य समाचार

काश