मुख्यपृष्ठसमाचारप्रयागराज में निजी अस्पताल पर सीएमओ का शिकंजा, त्रिवेणी हॉस्पिटल का पंजीकरण...

प्रयागराज में निजी अस्पताल पर सीएमओ का शिकंजा, त्रिवेणी हॉस्पिटल का पंजीकरण निलंबित

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम नगरी प्रयागराज में निजी अस्पताल में नियमों के उल्लंघन और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) की टीम ने गंगापार फूलपुर स्थित त्रिवेणी हॉस्पिटल पर छापामार कार्रवाई की। जांच के बाद अस्पताल का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही ऑपरेशन थिएटर (ओटी), प्रसव कक्ष और पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया गया।
सरकारी डॉक्टर के निजी अस्पताल में ओपीडी चलाने का मामला
जांच के दौरान फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात सरकारी चिकित्सक डॉ. के.एन. गुप्ता के निजी अस्पताल में ओपीडी संचालित करने का मामला भी सामने आया। सीएमओ की टीम के पहुंचने के समय चिकित्सक अस्पताल में मौजूद थे। जांच टीम को एक मरीज कुमारी वर्षा कुमारी के पैथोलॉजी फॉर्म पर भी डॉ. के.एन. गुप्ता का नाम मिला।
मौके पर नहीं मिले पंजीकृत चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ
जांच टीम के अनुसार, अस्पताल के दस्तावेजों में जिन चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के नाम दर्ज थे, उनमें से कोई भी मौके पर मौजूद नहीं मिला। इससे अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था और पंजीकृत कर्मचारियों की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण की व्यवस्था नहीं
जांच में अस्पताल में बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं मिलने की बात भी सामने आई। कचरा प्रबंधन से संबंधित रिकॉर्ड और लॉग बुक भी जांच टीम को उपलब्ध नहीं कराई जा सकी।
24 घंटे में गर्भवती महिलाओं को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर, प्रसव कक्ष और पैथोलॉजी लैब को सील करा दिया। अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि सिजेरियन डिलीवरी के लिए भर्ती आठ गर्भवती महिलाओं को अगले 24 घंटे के भीतर किसी अन्य सुरक्षित अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को चेतावनी दी है कि पंजीकरण निलंबित रहने के दौरान यदि चोरी-छिपे इलाज संचालित करने या सील किए गए हिस्से को खोलने का प्रयास किया गया तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य निजी अस्पतालों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

अन्य समाचार