मुख्यपृष्ठसमाचारसुल्तानपुर में वंदेमातरम की गूंज, झूम के लहराया तिरंगा

सुल्तानपुर में वंदेमातरम की गूंज, झूम के लहराया तिरंगा

-वंदेमातरम की डेढ़ सौवीं वर्षगांठ व हर घर तिरंगा अभियान

सामना संवाददाता / सुल्तानपु

हर घर तिरंगा अभियान व राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम की १५०वीं वर्षगांठ के अवसर पर अवध के सुल्तानपुर जिले में गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली निकली। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
शुभारम्भ तिकोनिया पार्क से बतौर मुख्य अतिथि यूपी सरकार के पूर्व खेल मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने किया। रैली तिकोनिया पार्क से प्रारम्भ होकर डाकखाना चौराहा होते हुए सुपर मार्केट स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में विसर्जित हो गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा। आमजन में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा सुशील त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष डा. आरए वर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, जिला महामंत्री भाजपा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रैली में केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रामकली बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज तथा महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभाग किया। तमाम सरकारी विभागों स्वास्थ्य, पालिका, होमगार्ड, प्रान्तीय रक्षक दल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशासन ने विशेष सेल्फी प्वाइंट स्थापित किये थे, जो युवाओं, महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं के आकर्षण का केंद्र रहे। सेल्फी प्वाइंट पर राष्ट्रध्वज के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान के प्रति अपनी सहभागिता और देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रभात फेरी एवं तिरंगा रैली निकाली।
रैली के समापन पर दीनदयाल उपाध्याय पार्क में पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान को बनाए रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दे। उन्होंने संविधान में निहित मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने की अपील की। देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को स्मरण करना तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। युवाओं और विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के साथ सामूहिक गतिविधियों में सहभागिता करते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता तथा संविधान में निहित मूल्यों के बारे में जानकारी दी।
इसी क्रम में जनपद के अन्य शिक्षण संस्थानों एवं विभिन्न स्थानों पर भी तिरंगा रैली और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अन्य समाचार