अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश की राजधानी रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल से रिलीज कर आंदोलन स्थल पर भेजने के की मांग की है। इसे लेकर छात्र नेता राम अवतार महतो और मुकेश कुमार ने गुरुवार को प्रेस कर कांफ्रेंस के जरिए जानकारी दी कि उनके अगुआ देवेंद्र नाथ को जबरदस्ती अस्पताल में रोका जा रहा है। उनका कहना है कि इससे आंदोलनरत छात्रों में आक्रोश बढ़ रहा है, क्योंकि उनके नेता को जबरन रोका जा रहा है। अगर उन्हें कोई मेडिकल परेशानी है, तो उसकी रिपोर्ट उन्हें दिखाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देवेंद्र के प्रदर्शन स्थल पर रहने से आंदोलन को और मजबूती मिलती है और हम सभी बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे हैं।
जेपीएससी सहित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में पिछले ग्यारह दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे और यहां के सदर अस्पताल में इलाज करा रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्र महतो ने बुधवार रात रांची के सिविल सर्जन को पत्र लिखकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित विरोध स्थल पर लौटने की अनुमति मांगी थी। गौरतलब हो कि झारखंड विधानसभा तक प्रदर्शनकारी छात्रों के मार्च में शामिल होने के बाद स्वास्थ्य बिगड़ने पर जेएलकेएम नेता को सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रांची के सिविल सर्जन को लिखे अपने पत्र में महतो ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हजारों छात्र इस लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं और यह उनके लिए न केवल एक विरोध प्रदर्शन है, बल्कि एक जिम्मेदारी और उम्मीद का जरिया भी है।इस बीच देवेन्द्र नाथ महतो ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि आज मैंने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर विरोध स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम जाने की अनुमति मांगी है। मेरे शरीर का तो अस्पताल के बिस्तर पर इलाज किया जा रहा है, लेकिन मेरी आत्मा सत्याग्रह स्थल पर है जहां छात्र और युवा अपने भविष्य के लिए न्यायपूर्ण संघर्ष कर रहे हैं।
