मुख्यपृष्ठसमाचारजनता की सेहत से खिलवाड़: प्रयागराज में मिलावटी मिठाइयों पर खाद्य विभाग...

जनता की सेहत से खिलवाड़: प्रयागराज में मिलावटी मिठाइयों पर खाद्य विभाग का शिकंजा

राजेश सरकार / प्रयागराज

त्योहारों और आम दिनों में मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ मंडलायुक्त के निर्देश पर खाद्य विभाग ने शहर से लेकर देहात तक लगातार तीसरे दिन कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई नामचीन मिठाई दुकानों से मिठाइयों के नमूने लिए गए और कुछ स्थानों पर खराब मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
जांच टीम ने अतरसुइया स्थित अमृत स्वीट्स और रामेश्वर स्वीट हाउस एंड केक शॉप का निरीक्षण किया। यहां बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। इसके अलावा बच्चा स्वीट्स (चक निरातुल), नंद स्वीट हाउस (हंडिया), कलश स्वीट (रामबाग हनुमान मंदिर) और शांति स्वीट (चौफटका) में भी जांच की गई। इन प्रतिष्ठानों से कहीं बूंदी के लड्डू तो कहीं बेसन के लड्डू के नमूने लिए गए।
सोरांव में खराब मिठाइयां नष्ट कराईं
खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान सोरांव स्थित जगदीश स्वीट हाउस में भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, यहां साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। टीम ने छेना क्रीम का नमूना लिया। साथ ही मौके पर मौजूद पांच किलो चॉकलेट ब्रिक्स, दो किलो काजू कतली, पांच किलो इमरती और दो किलो चाशनी को नष्ट कराया गया।
होलागढ़ मोड़ और नहर ददौली स्थित प्रतिष्ठानों से भी मिल्क केक और बेसन के नमूने लिए गए तथा संबंधित दुकानदारों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के संबंध में नोटिस दिए गए।
मिठाई पैक करने में अखबारी कागज का इस्तेमाल
बच्चा स्वीट्स पर मिठाइयों की पैकिंग के लिए अखबारी कागज का इस्तेमाल किए जाने की बात भी जांच के दौरान सामने आई। खाद्य विभाग की टीम ने दुकानदार को ऐसा कागज इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत देते हुए पैकेट हटवाए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और साफ-सफाई के मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार