सुरेश गोलानी / मुंबई
सट्टेबाजी एक अपराध है, यह जानते हुए भी बेखौफ सट्टेबाज देश की युवा पीढ़ी को इस दलदल में धकेल रहे हैं। शॉर्टकट इनकम का यह खेल अब बाकायदा होटलों के कमरे में बैठकर खेला जा रहा है। काशीमीरा पुलिस थाने से जुड़ी क्राइम डिटेक्शन यूनिट के अधिकारियों ने राष्ट्रीय महामार्ग के पास स्थित एक होटल के कमरे में देश-विदेश में खेले जा रहे क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए एक सट्टेबाज को गिरफ्तार किया है।
मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उपनिरीक्षक शिवाजी खाड़े ने सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर राजेंद्र कांबले के मार्गदर्शन में सहारा लॉजिंग एंड बोर्डिंग नामक होटल के कमरा नंबर १०७ में छापा मारा।
कमरे में बैठकर लगवा रहा था सट्टा
छापेमारी के दौरान राजस्थान के कोटा शहर में रहने वाले ४३ वर्षीय हर्षितसिंग सुरेशकुमार अरोरा मोबाइल फोन से ऑनलाइन बेटिंग ऐप और गेमिंग वेबसाइट के जरिए सट्टा लगाते और लगवाते हुए रंगेहाथ दबोचा। अरोरा के अलावा गेमिंग वेबसाइट पर सट्टा लगाने के लिए लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करवाने वाले बेटिंग रैकेट के कथित मास्टरमाइंड जयपुर निवासी यश गुप्ता और राजस्थान में नागौर जिले के रहने वाले रियाज नागौरी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अंतर्राष्ट्रीय सट्टा गैंग की संभावना
पुलिस को संदेह है कि राजस्थान से ऑपरेट हो रहे इस रैकेट से जुड़े सटोरियों के तार किसी अंतर्राष्ट्रीय सट्टा गैंग से जुड़ें हुए है। काशीमीरा पुलिस आगे की जांच में जुटी है। ज्ञात हो कि शहर में ऑनलाइन सट्टा और गेमिंग के नाम पर धोखाधड़ी का खेल खुलेआम जारी है, लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करवाने वाले कुछ बिचौलियों ने मोबाइल फोन को जुए का वर्चुअल अड्डा बना दिया है, जो लोगों को खासकर युवा पीढ़ी को वित्तीय बर्बादी और मानसिक तनाव के दलदल में धकेल रहा है।
