हिमांशु राज
अक्षय कुमार ने हाल ही में सायबर सुरक्षा पर आयोजित एक कार्यक्रम में ऐसा खुलासा किया, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को चौकन्ना कर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उनकी बेटी एक ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी। शुरुआत में गेम के ज़रिए उसे दूसरे खिलाड़ियों की तरफ से सामान्य और शालीन संदेश आते रहे-जैसे “बहुत अच्छा खेला”, “तुम शानदार हो”, “फैंटास्टिक” आदि। लेकिन अचानक माहौल बदल गया।उस अनजान व्यक्ति ने चौंकाने वाला संदेश भेजा और उनकी बेटी से अश्लील मांग कर डाली। अक्षय ने कहा कि जैसे ही यह मैसेज आया, उनकी बेटी ने खेल को तुरंत बंद कर दिया और बिना देरी किए अपनी मां को सारी बात बता दी। अक्षय के मुताबिक, बेटी का यह कदम सही और साहसी था, वरना कई बार बच्चे डर या झिझक के चलते ऐसी घटनाओं को छिपा जाते हैं। उन्होंने इस घटना को साझा कर माता-पिता को जागरूक किया कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नज़र रखना और साइबर अपराधों पर खुलकर बातचीत करना बेहद जरूरी है।
