हिमांशु राज
भारत के वीर आसमान पर जब भारतीय वायुसेना के जज़्बे के बादल गूंजते हैं तब हम नमन करते हैं उन जांबाज़ सैनिकों को जो अपनी जान हथेली पर लेकर देश की रक्षा करते हैं। और इसी कड़ी में हम सलाम करते हैं उन अभिनेत्रियों को जिन्होंने पर्दे पर वर्दी ओढ़कर इन नायकों की शौर्यगाथा को जगाया। इन कलाकारों ने साबित किया कि वर्दी सिर्फ ताकत नहीं बल्कि त्याग, साहस और सम्मान का प्रतीक है।
जान्हवी कपूर – “गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल”
कारगिल की ठंडी हवाओं के बीच उड़ान भरती गुंजन सक्सेना की कहानी आज भी प्रेरणा देती है। जान्हवी कपूर ने जब फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन के रूप में कैमरे के सामने आईं तो उन्होंने सिर्फ एक किरदार नहीं निभाया—उन्होंने उस पूरे भाव को जिया कि कैसे एक लड़की ने मर्दाना माहौल में उड़ान का सपना सच किया। उनकी आंखों में था जज़्बा और आवाज़ में वो नरमी जो सच्ची देशभक्ति की झलक दिखाती है।
दीपिका पादुकोण – “फाइटर”
‘फाइटर’ में दीपिका का किरदार मिनल राठौड़ दर्शाता है कि साहस की कोई लैंगिक सीमा नहीं होती। स्क्वाड्रन लीडर के रूप में दीपिका ने आसमान में शक्ति और संवेदना का अद्भुत मिश्रण दिखाया। जेट की गर्जना के साथ उन्होंने दर्शकों में वो गर्व जगाया जो हर भारतीय महसूस करना चाहता है—”हम उड़ने में किसी से कम नहीं।”
शमिता शेट्टी – “अग्निपंख” (2004)
जब 2000 के दशक में परदे पर एयर फोर्स फिल्मों की कमी थी तब शमिता शेट्टी ने ‘अग्निपंख’ में अंजना के किरदार से इतिहास लिखा। वो सख्त भी हैं, संवेदनशील भी—अपने पेशे के प्रति समर्पित एक ऐसी महिला पायलट जो ड्यूटी और दिल के बीच संतुलन साधती है। उस दौर में ये किरदार भारतीय सिनेमा में एक साहसिक कदम था।
रकुल प्रीत सिंह – “रनवे 34”
रकुल प्रीत सिंह ने इस फिल्म में सिर्फ एक पायलट नहीं एक जिम्मेदार नेता की भावना दिखाई। तान्या अल्बुकर्क की भूमिका में वो अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की मिसाल बनीं। हवा में उड़ते विमान से लेकर जमीन पर फैसले लेने तक—रकुल ने दिखाया कि महिला पायलट भी उतनी ही रणनीतिक, सटीक और दृढ़ हो सकती हैं जितने उनके पुरुष साथी।
इन सभी अभिनेत्रियों ने यह साबित किया कि देशभक्ति सिर्फ सीमा पर लड़ने में नहीं बल्कि हर उस उड़ान में बसती है जो “भारत माता की जय” की गूंज के साथ शुरू होती है। जब परदे पर महिला पायलट उड़ान भरती है तो हर भारतीय का सिर गर्व से ऊँचा हो जाता है—क्योंकि वे सिर्फ किरदार नहीं निभातीं वे आसमान की बेटियाँ बन जाती हैं।
