-एक दिन में दो लड़कियां गायब
-शांतिनगर और नारपोली में किडनैपिंग का केस दर्ज
सामना संवाददाता / मुंबई
भिवंडी में महज २४ घंटे के भीतर दो १७ वर्षीय नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। दोनों घटनाएं अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों में हुई हैं। परिजनों की शिकायत के बाद शांतिनगर और नारपोली पुलिस ने अपहरण के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही दिन के अंतराल में दो किशोरियों के गायब होने से परिवारों की चिंता बढ़ गई है, वहीं पुलिस के सामने दोनों को सुरक्षित तलाशने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
पहली घटना शांतिनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। किशोरी अपनी मां से दोस्त के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार ने पहले रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की। आखिरकार लड़की के भाई ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर किडनैपिंग का मामला दर्ज किया है।
दूसरी घटना नारपोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कामतघर, ब्रह्मानंद नगर की है। यहां भी १७ वर्षीय लड़की रात के समय अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस से संपर्क किया गया। नारपोली पुलिस ने भी अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। किशोरियों के मोबाइल नंबर, आखिरी लोकेशन, दोस्तों और संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
२४ घंटे में दो किशोरियां लापता
भिवंडी में २४ घंटे के भीतर दो १७ वर्षीय किशोरियों के लापता होने से हड़कंप मच गया। शांतिनगर और नारपोली पुलिस ने अपहरण के मामले दर्ज किए हैं। पुलिस मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी और दोस्तों की जानकारी के आधार पर तलाश कर रही है।
