मुख्यपृष्ठनए समाचारदीपके का आरोप ... भाजपा से ज्यादा हो रहे थे सीजेपी के...

दीपके का आरोप … भाजपा से ज्यादा हो रहे थे सीजेपी के फॉलोअर्स! … इसलिए कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स अकाउंट को किया गया ब्लॉक

सीजेपी के इंस्टा फॉलोअर्स १२.६ मिलियन तो एक्स पर १.६५ लाख

सामना संवाददाता / नई दिल्ली
कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी का `एक्स’ अकाउंट भारत में रोक दिया गया है। `एक्स’ पर दिखे नोटिस के अनुसार, यह कार्रवाई ‘कानूनी मांग’ के जवाब में हुई है। संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कहा कि यह अपेक्षित था। खबर के अनुसार, यह रोक उस समय लगी, जब सीजेपी ने इंस्टाग्राम पर तेजी से बढ़ते हुए भाजपा के आधिकारिक फॉलोअर्स को पीछे छोड़ दिया। न्यूज२४ ने सीजेपी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स करीब १२.६ मिलियन और एक्स फॉलोअर्स करीब १.६५ लाख बताए हैं। इस मामले ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की पॉलिसी और राजनीतिक सोशल मीडिया गतिविधियों पर नई बहस छेड़ दी है।
यह पूरा मामला सिर्फ एक सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक होने का नहीं है। यह बताता है कि भारत की युवा राजनीति अब मीम, व्यंग्य और डिजिटल प्रतीकों के जरिए अपना गुस्सा व्यक्त कर रही है। रॉयटर्स के अनुसार, यह समूह बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, लैंगिक प्रतिनिधित्व और युवाओं की आर्थिक बेचैनी जैसे मुद्दों को हास्य-व्यंग्य के जरिए उठा रहा है। सवाल यह है कि सच्चाई क्या है? उपलब्ध रिपोर्टों के आधार पर इतना स्पष्ट है कि सीजेपी का एक्स अकाउंट भारत से विथहेल्ड हुआ है। लेकिन किस सरकारी एजेंसी या किस कानूनी आधार पर यह मांग की गई, इसकी आधिकारिक विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक रूप से साफ नहीं है। इसलिए इसे सीधे राजनीतिक सेंसरशिप कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन समय और संदर्भ ने संदेह जरूर पैदा किया है। कई न्यूज वेबसाइट ने भी अकाउंट रोके जाने की पुष्टि की है। सीजेपी की लोकप्रियता का कारण केवल हास्य नहीं है।

डिजिटल विद्रोह का नया चेहरा
बेरोजगारी, पेपर लीक, संस्थाओं पर अविश्वास और युवाओं की उपेक्षा, इन सबने इसे डिजिटल विरोध का प्रतीक बना दिया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, यह पैरोडी आंदोलन युवा असंतोष का बड़ा आउटलेट बन गया है और इसके समर्थक अब ऑफलाइन प्रदर्शन में भी ‘कॉकरोच’ प्रतीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट रोकना सत्ता बनाम व्यंग्य की लड़ाई नहीं, बल्कि यह संकेत है कि देश में डिजिटल राजनीतिक व्यंग्य अब सिर्फ मनोरंजन नहीं रहा। वह संगठित युवा असंतोष का नया मंच बन रहा है। असली चुनौती सरकार या एक्स के लिए अकाउंट रोकना नहीं, बल्कि उन सवालों का जवाब देना है जिनसे यह ‘कॉकरोच’ पैदा हुआ है।

अन्य समाचार