रमेश ठाकुर/नई दिल्ली
राजधानी में स्कूलों को बम से उड़ने की धमकी का सिलसिला जारी है। पिछले सप्ताह भी धमकियां मिली थीं, शनिवार को फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। कुतुब मीनार, महरौली को ईमेल के ज़रिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस,फायर विभाग, एम्बुलेंस,बीडीएस डॉग स्क्वाड, मौके पर पहुंचकर स्कूल को खाली कराया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घंटों चली जांच के बाद स्कूल से कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह मामला फर्जी प्रतीत हो रहा है, लेकिन साइबर टीम इसकी गहराई से जांच कर रही है कि आखिर यह धमकी भरा मेल कहां से और किसने भेजा।
– पूर्व में भी ईमेल्स से मिली कई धमकियां?
पहली घटना नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ने की धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ हो। इससे पूर्व भी धमकियां मिली, तब भी मामला फर्जी साबित हुआ। दिल्ली के अलावा एनसीआर के भी कई और स्कूलों को ईमेल भेजी गई हैं, जिससे माता-पिता और बच्चों में डर का माहौल है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक किसी भी जगह से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। स्कूल के बाहर मौजूद एक अभिभावक ने कहा, “जब फोन आया कि स्कूल में बम की धमकी मिली है तो हम सब डर गए। बच्चे सुरक्षित हैं, यही राहत की बात है।” वहीं मौके पर मौजूद कैट एम्बुलेंस कर्मी ने बताया कि सुरक्षा और सतर्कता के चलते मेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात की गई थी, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत मदद की जा सके। जिस सरकारी स्कूल को धमकी मिली उसके प्रिंसिपल ने बताया कि यह धमकी भरा मेल लगभग सुबह 6:00 बजे स्कूल की ऑफिशियल मेल पर प्राप्त हुआ जिसके बाद हमने इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को दी दिल्ली पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बच्चों को स्कूल भेजने में घबराएं नहीं। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने तक सुरक्षा इंतज़ाम कड़े रहेंगे और दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
