ठेकेदार द्वारा घटिया काम एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रहार जनशक्ती पार्टी आंदोलन
राधेश्याम सिंह /विरार
वसई-विरार शहर को खड्डा मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रहार जनशक्ति पार्टी की तरफ से गुरुवार, 4 सितंबर 2025 को प्रातः 11 बजे, वसई-विरार महानगरपालिका मुख्यालय के सामने “मिशन खड्डा मुक्त” आंदोलन किया जाएगा। महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गणेश चतुर्थी से पहले सभी सड़कों के गड्ढे भरने का निर्देश प्रशासन को दिया था। लेकिन वसई-विरार शहर में आज भी सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हैं। महानगरपालिका ने भी गणेश चतुर्थी से पहले सभी गड्ढे भरने का दावा किया था, परंतु यह दावा पूरी तरह से असफल साबित हुआ है। इन गड्ढों के कारण ना केवल शहर की छवि खराब हो रही है, बल्कि हजारों गणेश भक्तों को गणपति विसर्जन के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अगर यही स्थिति बनी रही, तो अनंत चतुर्दशी के दिन भी भक्तों को भारी दिक्कतों से गुजरना पड़ेगा।
हर वर्ष सड़कों की मरम्मत के नाम पर वसई-विरार महानगरपालिका करोड़ों रुपए खर्च करती है, लेकिन घटिया दर्जे के कार्यों के चलते हर बार फिर से गड्ढे हो जाते हैं। इससे एक तरफ जहां आम नागरिक परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ अधिकारियों और ठेकेदारों की जेबें भर रही हैं। यह पूरा तंत्र एक बड़े भ्रष्टाचार की तरफ इशारा करता है। प्रहार जनशक्ति पार्टी ने पहले ही प्रशासन को चेतावनी दी थी कि अगर 7 दिनों के भीतर शहर के सभी गड्ढे नहीं भरे गए, तो 4 सितंबर को महानगरपालिका मुख्यालय के सामने तीव्र आंदोलन किया जाएगा। लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, इसलिए प्रहार पार्टी ने एक अनोखे और प्रभावशाली तरीके से “मिशन खड्डा मुक्त” आंदोलन करने का संकल्प लिया है। इस आंदोलन में प्रहार जनशक्ती पार्टी के सैकड़ों महिला और पुरुष पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वसई-विरार शहर के नागरिक हिस्सा लेंगे ताकि प्रशासन को कुंभकर्णी नींद से जगाया जा सके।प्रहार जनशक्ती पार्टी की तरफ से वसई-विरार के सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस आंदोलन में भाग लें और इस लड़ाई में साथ दें।यह सिर्फ आंदोलन नहीं, बल्कि एक जन-जागरण है, सुरक्षित, स्वच्छ और गड्ढा मुक्त शहर के लिए।
