रामदिनेश यादव / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सत्ता और नेतृत्व को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राष्ट्रीय राजनीति में जाकर देश का नेतृत्व करना चाहिए, जबकि महाराष्ट्र की कमान किसी और को सौंपी जानी चाहिए। यह मांग उठने लगी है। और यह मांग खासकर शिंदे गुट के नेताओ की ओर से की जा रही है। शिंदे गुट के विधायक बच्चू कडू ने खुलकर यह मांग की है कि कडू के इस बयान ने महायुति सरकार के भीतर नेतृत्व को लेकर नई अटकलों को जन्म दे दिया है। शिंदे गुट फडणवीस को दिल्ली भेजकर अपना उल्लू सीधा करने की फिराक में है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यदि देवेंद्र फडणवीस केंद्र की राजनीति में जाते हैं, उन्हें दिल्ली में स्थापित किया जाता है तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए आगे बढ़ सकता है। जबकि मीडिया से बातचीत करते हुए बच्चू कडू ने कहा कि महाराष्ट्र का हर व्यक्ति चाहता है कि राज्य का कोई नेता देश का नेतृत्व करे। उन्होंने कहा कि ‘देव भाऊ’ दिल्ली जाएं, देश की जिम्मेदारी संभालें और महाराष्ट्र की बागडोर दूसरे को सौंपी जाए।
बता दें कि राज्य में इन दिनों देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली जाने की चर्चा जोरों पर है। भाजपाइयों में इस बात को लेकर सुगबुगाहट है तो शिंदे गुट यह मना रहा है कि देवेंद्र फडणवीस को दिल्ली ले जाया जाए ताकि मुख्यमंत्री पद के लिए वह दावा कर सके। लेकिन उसके सपनों पर पानी फेरने की योजना भी भाजपा बना चुकी है। सूत्रों की मानें तो भाजपा किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री पद शिंदे को नहीं देगी। भाजपा सीएम फडणवीस की जगह अपनी ही पार्टी से किसी नेता को आगे लाएगी।
