– नाबालिग छात्रा की बेरहमी से हत्या
– चेहरे पर १६ से ज्यादा चाकू के वार
-‘मेरी नहीं तो किसी की नहीं’ कहकर रची हत्या की साजिश
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में अपराध की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। कुछ दिन पहले वेस्टर्न रेलवे की बोरीवली लोकल में एक यात्री की हत्या हुई थी। अब कांदिवली से दिल दहला देनेवाली वारदात सामने आई है।
कांदिवली-पूर्व के दामूनगर स्थित सतारा वैंâप के पास २२ वर्षीय युवक ने एकतरफा प्यार में १२वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने छात्रा के चेहरे और शरीर पर चाकू से १६ से ज्यादा वार किए और बाद में शव को जंगल वाले इलाके में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता से एकतरफा प्यार करता था। जब छात्रा ने उसका प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया तो वह आगबबूला हो गया। आरोपी को यह भी नागवार गुजरता था कि पीड़िता किसी दूसरे लड़के से बात करे। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। जांच में सामने आया है कि वह लगातार छात्रा पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था, आत्महत्या की धमकी देता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि छात्रा के चेहरे और शरीर पर चाकू के १६ से ज्यादा घाव मिले हैं। इस निर्मम हत्या से पूरे कांदिवली इलाके में दहशत का माहौल है।
विश्वकर्मा समाज ने की कड़ी सजा की मांग
विश्वकर्मा समाज के प्रतिनिधि बाबूलाल विश्वकर्मा ने सिद्धि विश्वकर्मा के हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में समाज का प्रतिनिधिमंडल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा।
