सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र कांग्रेस नेता नाना पटोले ने महायुति सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य की जनता का सरकार पर से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने कहा कि किसान सरकार के खिलाफ खड़ा हो गया है और सरकार की नीतियों से किसानों को कोई राहत नहीं मिल रही है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की बहुचर्चित ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना को लेकर भी पटोले ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हालिया घटनाओं ने इस परियोजना में हुए कथित भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। पटोले द्वारा आरोप लगाया गया कि परियोजना पर प्रति किलोमीटर ५४० करोड़ रुपए खर्च किए गए, इसके बावजूद निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने सरकार के पापों को उजागर कर दिया है। इतनी भारी-भरकम रकम खर्च करने के बाद भी यदि परियोजना सुरक्षित और मजबूत नहीं है तो यह भ्रष्टाचार का प्रमाण है।
