मुख्यपृष्ठनए समाचारदेवेंद्र सरकार कर रही है पीएम के साथ ठगी!

देवेंद्र सरकार कर रही है पीएम के साथ ठगी!

सामना संवाददाता / मुंबई
राकांपा (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने दावा किया कि महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र में कई बार आए, पारदर्शी शासन के नाम पर वोट मांगे, लेकिन राज्य सरकार उनके साथ ही ठगी कर रही है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि अगर कोई हम पर आरोप लगाता है कि हमारे पास पैसा नहीं है, तो यह सच है। हमारे पास काला धन नहीं है। हमने पैसे बांटकर चुनाव नहीं जीते। हम जनता की सेवा करने आए हैं, पैसों का खेल खेलने नहीं। यह कोई सौदेबाजी नहीं है, यह राजनीति है। अगर कोई पैसे का दुरुपयोग कर चुनाव जीतता है और सत्ता में बैठे लोगों को उस पर गर्व होता है तो यह लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा मैं शीतकालीन सत्र में उठाऊंगी। सुप्रिया सुले ने कहा कि मैं निलेश राणे की सराहना करती हूं। मैं उनका सार्वजनिक रूप से आभार मानती हूं। वे नई पीढ़ी के नेता हैं। अगर वे पारदर्शी शासन के लिए लड़ रहे हैं तो यह गर्व की बात है, क्योंकि अगर चुनाव पैसे पर लड़ने लगें, तो सबसे ज्यादा पैसा रखने वाले ही जीतेंगे और जनता का काम करने वाले लोग चुनाव नहीं जीत पाएंगे।

ऐसी अराजकता नहीं देखी
चुनाव प्रक्रिया में पैसे का दुरुपयोग, सत्ता का दुरुपयोग, नामांकन दाखिल न करने देना ऐसा बिखराव और अव्यवस्था महाराष्ट्र में पहले कभी नहीं हुई। यह दुर्भाग्य है कि हमने इतनी बड़ी बहुमत वाली सरकार को मौका दिया और आज हर कोई चुनाव आयोग के खिलाफ बोल रहा है। चुनाव आगे क्यों बढ़ाए गए, यह पता नहीं। लेकिन साफ दिख रहा है कि वोट के लिए पैसे का इस्तेमाल हो रहा है।

अन्य समाचार