मुख्यपृष्ठनए समाचारझूठ-मूठ के किसान ‘पैकेजों’ की मत करो घोषणा, प्रति हेक्टर रु. ५०...

झूठ-मूठ के किसान ‘पैकेजों’ की मत करो घोषणा, प्रति हेक्टर रु. ५० हजार दो और कर्जमाफी करो! -उद्धव ठाकरे की प्रधानमंत्री से मांग

सामना संवाददाता / मुंबई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर आ रहे हैं और मराठवाड़ा के बाढ़ग्रस्त किसान उम्मीद से उनकी ओर देख रहे हैं। प्रधानमंत्री को किसानों के लिए प्रति हेक्टर ५० हजार रुपए का मुआवजा और संपूर्ण कर्जमाफी की घोषणा करनी चाहिए। राज्य के आपदा पीड़ित लोगों के लिए खोखली या झूठ-मूठ की घोषणाएं मत करो। ऐसी मांग शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने की है।
इस मामले पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस दौरे का लाभ बाढ़ प्रभावित किसानों को मिलना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरा मराठवाड़ा अब भी कीचड़ और पानी में डूबा है। फसलें, घर, पशुधन सब बह गए हैं। जमीन भी इतनी बर्बाद हो गई है कि उस पर कई वर्षों तक खेती संभव नहीं होगी। ४० लाख किसान और एक लाख ६० हजार हेक्टेयर जमीन बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रधानमंत्री को केवल ‘पैकेज’ की हवाहवाई घोषणाएं नहीं, बल्कि प्रति हेक्टर ५० हजार रुपए की सीधी सहायता और कर्ज में डूबे किसानों के लिए कर्जमाफी की घोषणा करनी चाहिए, तभी किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि अगर इस संकट की घड़ी में बाढ़ग्रस्त किसानों को मदद नहीं दी गई, तो मराठवाड़ा के किसानों की तीन पीढ़ियां बर्बाद हो जाएंगी। बाढ़ग्रस्त किसानों की ओर से मैं प्रधानमंत्री से हाथ जोड़कर नम्र निवेदन करता हूं।

पीएम आ रहे हैं मुंबई
प्रधानमंत्री मोदी ८ और ९ अक्टूबर को मुंबई दौरे पर रहेंगे और वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। लेकिन मराठवाड़ा के बाढ़ग्रस्तों के लिए प्रधानमंत्री कौन-सा विशेष आर्थिक पैकेज घोषित करेंगे, इस पर पूरे महाराष्ट्र की निगाहें टिकी हैं।

अन्य समाचार