कल्याण: कल्याण-पूर्व के साकेत कॉलेज में कोलसेवाडी पुलिस स्टेशन व ठाणे पुलिस आयुक्तालय के संयुक्त उपक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त भारत तथा साइबर अपराध जनजागृति अभियान का आयोजन 5 दिसंबर 2025 को किया गया। सुबह 10:30 से 12:45 बजे तक चले इस कार्यक्रम का उद्घाटन परिमंडल 3 के पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त कल्याण विभाग कल्याणजी घेटे, कॉलेज सचिव साकेत तिवारी तथा प्राचार्य संतोष तिवारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम, इससे दूर रहने की आवश्यकता और बढ़ते साइबर अपराधों से सावधान रहने जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
मार्गदर्शन के लिए साइबर पुलिस स्टेशन ठाणे के पोनि आजगावकर, अपराध शाखा के पोनि गणेश न्हायदे, गौतम बेंडकुले तथा दिशा फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा सुरक्षा और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने के महत्वपूर्ण संदेश दिए। कार्यक्रम में साकेत कॉलेज, केडी कॉलेज और मॉडल कॉलेज के कुल 200 से 239 विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए। विद्यार्थियों ने इसे बेहद उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने की मांग भी की।
