मुख्यपृष्ठनए समाचारड्रग्स माफिया बेखौफ, छोटे प्यादों पर बुलडोजर

ड्रग्स माफिया बेखौफ, छोटे प्यादों पर बुलडोजर

– नशे के असली सरगनाओं से पुलिस कोसों दूर
– बांद्रा से अंधेरी तक ड्रग्स पेडलरों के अवैध निर्माण तोड़े गए
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में ड्रग्स के कारोबार को खत्म करने के लिए मुंबई पुलिस और बीएमसी ने पश्चिमी उपनगरों में कार्रवाई तेज कर दी है। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। पुलिस इसे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बता रही है, लेकिन सवाल यह है कि क्या छोटे-मोटे ड्रग्स विक्रेताओं पर कार्रवाई करने से नशे का पूरा कारोबार खत्म हो जाएगा। असल में ड्रग्स बेचने वाला एक मोहरा होता है, लेकिन इस अवैध कारोबार के पीछे बैठे असली मास्टरमाइंड तक पुलिस नहीं पहुंच पाती है।
बांद्रा, खार, सांताक्रुज और अंधेरी जैसे इलाकों में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस का दावा है कि नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है, लेकिन मुंबई में ड्रग्स की आपूर्ति कहां से होती है, इसकी खेप शहर तक कौन पहुंचाता है, इसके पीछे किन लोगों का पैसा लगा है और पूरे नेटवर्क को कौन संचालित करता है। इस पर पुलिस ज्यादा मेहनत करते नजर नहीं आती है, इसलिए ड्रग्स का धंधा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। छोटे ड्रग्स सप्लायर पकड़े जाते हैं, बड़े खिलाड़ी पर्दे के पीछे रहकर अपना बखूबी निभाते रहते हैं। ड्रग्स का कारोबार केवल सड़क पर नशीले पदार्थ बेचने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं होता।
बुलडोजर से खत्म होगा ड्रग्स का धंधा?
बांद्रा से अंधेरी तक अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के बीच सबसे बड़ा सवाल ड्रग्स के असली नेटवर्क का है। छोटे विक्रेताओं पर शिकंजा कसने के साथ पुलिस को सप्लाई चेन, आर्थिक मददगारों और पर्दे के पीछे बैठे मास्टरमाइंड तक पहुंचना होगा।

 

अन्य समाचार