मुख्यपृष्ठनए समाचारपश्चिम रेलवे के आधे उपनगरीय स्टेशनों पर ... आपातकालीन मेडिकल सेवा नदारद!

पश्चिम रेलवे के आधे उपनगरीय स्टेशनों पर … आपातकालीन मेडिकल सेवा नदारद!

-५० फीसदी यात्रियों के लिए खतरा
-२९ स्टेशनों में से मात्र १४ स्टेशनों पर है सुविधा

सामना संवाददाता / मुंबई
पश्चिम रेलवे में चर्चगेट से विरार तक क़ुल २९ स्टेशनों में से केवल १४ स्टेशनों पर आपातकालीन मेडिकल सर्विस उपलब्ध है यानी ५० प्रतिशत से भी कम। मुंबई हाई कोर्ट ने वर्ष २००८ में रेलवे को निर्देश दिया था कि मुंबई उपनगरीय के हर स्टेशनों पर एंबुलेंस व आपातकालीन मेडिकल रूम की व्यवस्था होनी चाहिए। हालांकि, एंबुलेंस की सेवा लगभग हर स्टेशन पर है, लेकिन मेडिकल रूम सभी स्टेशनों पर उपलब्ध नहीं हैं।
आरटीआई एक्टिविस्ट समीर झवेरी द्वारा दायर की गई आरटीआई से प्राप्त हुई जानकारी के मुताबिक, मुंबई उपनगरीय क्षेत्र में पश्चिम रेलवे के २९ स्टेशनों में से २४ स्टेशनों पर १०८ एंबुलेंस तैनात हैं, वहीं अन्य ५ पांच स्टेशनों पर फोन करने पर यह सुविधा मुहैया कराई जाती है ऐसा इसलिए क्योंकि राम मंदिर, जोगेश्वरी व खार रोड स्टेशनों पर एंबुलेंस खड़ी करने के लिए पार्विंâग की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा १४ स्टेशनों पर इमरजेंसी मेडिकल रूम कार्यरत हैं, जबकि बाकी स्टेशनों पर ये सुविधाएं प्रक्रिया में हैं। समीर झवेरी ने बताया कि मध्य रेलवे के मुंबई उपनगरीय नेटवर्क में केवल कल्याण स्टेशन पर एक कार्यात्मक इमरजेंसी मेडिकल रूम है और इसके १२५ स्टेशनों में से केवल १५ स्टेशनों पर ही १०८ एंबुलेंस तैनात हैं।
मध्य रेलवे की भी हालत बदतर
उन्होंने कहा कि आपातकालीन तैयारी और स्वास्थ्य सेवा की इस चौंकाने वाली असमानता से एक गंभीर प्रश्न उठता है। मध्य रेल मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को वह बुनियादी जीवनरक्षक ढांचा क्यों नहीं मिल रहा, जो पश्चिम रेल मार्ग पर पर्याप्त रूप से उपलब्ध है? मध्य रेल के यात्री भी दुर्घटनाओं, चिकित्सीय आपात स्थितियों और यात्रा से जुड़ी जोखिमों के उतने ही शिकार हो सकते हैं, जितने अन्य। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे की यह असमानता केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है।

अन्य समाचार