मुख्यपृष्ठअपराधलोन भरने के बाद भी व्हॉट्सऐप पर भेजी महिला की नग्न तस्वीर

लोन भरने के बाद भी व्हॉट्सऐप पर भेजी महिला की नग्न तस्वीर

सामना संवाददाता / मुंबई

एक २५ वर्षीय महिला को सिर्फ २,००० का लोन लेने पर मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेल का सामना करना पड़ा। मुंबई के जोगेश्वरी-पश्चिम क्षेत्र की रहने वाली इस महिला ने इंस्टाग्राम पर एक मोबाइल ऐप ‘कैश लोन’ का विज्ञापन देखा और आर्थिक सहायता की उम्मीद में उसने २० जुलाई को यह ऐप डाउनलोड किया। महिला ने ऐप पर रजिस्ट्रेशन करते समय अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण आदि अपलोड किए। उसने २,००० रुपए के लोन के लिए आवेदन किया, लेकिन उसे सिर्फ १,३०० रुपए की राशि मिली, वह भी केवल ६ दिनों के लिए।
वैसे लोन की अवधि खत्म होने से पहले ही एक व्यक्ति ने महिला को धमकाना शुरू कर दिया। महिला की शिकायत के अनुसार, उस व्यक्ति ने कहा कि यदि लोन की राशि तुरंत नहीं चुकाई गई तो उसकी अश्लील फोटो इंटरनेट पर लीक कर दी जाएगी। धमकी से डरकर महिला ने दो बार में कुल २,००० रुपए की राशि संदेश कुमार नामक व्यक्ति को एक भुगतान ऐप के जरिए भेज दी। इसके बावजूद एक घंटे बाद महिला की मौसी को एक अनजान नंबर से महिला की मॉर्फ की गई नग्न तस्वीर व्हॉट्सऐप पर भेजी गई। इसके बाद वही फोटो महिला के दो दोस्तों को भी भेज दी गई। डरी-सहमी महिला ने तुरंत अपने पिता को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

अन्य समाचार