मुख्यपृष्ठनए समाचारएफडीए ने जब्त किया रु. २ करोड़ का मिलावटी सामान ... दिवाली...

एफडीए ने जब्त किया रु. २ करोड़ का मिलावटी सामान … दिवाली पर हो रहा सेहत से खिलवाड़!

सामना संवाददाता / मुंबई
दिवाली के मौके पर मिठाइयों और खाद्यपदार्थों में मिलावट का सिलसिला बढ़ जाता है। इस बढ़ती मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यव्यापी कार्रवाई शुरू की है। इस क्रम में महाराष्ट्र में एफडीए ने अब तक विभिन्न जगहों पर छापेमारी में करीब १ करोड़ ९७ लाख ९३ हजार रुपए के मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। इसमें खोया, गाय का घी, दूध, पनीर, बटर, खाद्यतेल, वनस्पति घी जैसी कई वस्तुओं में मिलावट पाई गई है।
महाराष्ट्र में मिलावटखोरों के खिलाफ अभी और शिकंजा कसेगा। विशेष जांच अभियान के लिए एफडीए की टीमें मुस्तैद हैं और लगातार छापेमारी कर मिलावटी व दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। एफडीए अधिकारी नियमित रूप से बाजारों की निगरानी कर रहे हैं। शक होने पर नमूने जांच के लिए संग्रहित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि दिवाली की खरीदारी के दौरान विशेष सावधानी बरतें। किसी भी खाद्यपदार्थ को खरीदते समय उत्पादक का नाम, निर्माण तिथि, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और शुद्धता का प्रमाण जरूर जांचें। एफडीए ने यह भी बताया कि अगर किसी को खाद्यपदार्थ में मिलावट का संदेह हो, तो तुरंत १८००२२२३६५ पर संपर्क करें। मिलावटी वस्तुएं न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती हैं।

अन्य समाचार