मुख्यपृष्ठसमाचारपहले प्यार, फिर शादी और फिर मौत!

पहले प्यार, फिर शादी और फिर मौत!

-कब्रिस्तान तक पहुंची प्रेम कहानी ने खड़े किए कई सवाल

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर में कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार में मध्य प्रदेश की एक युवती को मारकर दफनाए जाने का मामला सामने आने पर सनसनी फैल गई है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती, प्रेम विवाह, पहचान छिपाने के आरोप और फिर अचानक हुई मौत ने पूरे मामले को रहस्य के घेरे में ला दिया है। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कब्रिस्तान से युवती का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मध्य प्रदेश के रीवा जनपद स्थित तमरी गांव निवासी तीरथ साकेत ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री गोल्डी साकेत को युवक ने ‘प्रिंस’ नाम बताकर प्रेमजाल में फंसाया। दोनों की पहचान हैदराबाद में नौकरी के दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ी और कुछ समय बाद दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। मृतका की बहन सीतू का आरोप है कि विवाह के बाद परिवार को पता चला कि युवक की वास्तविक पहचान प्रिंस नहीं, बल्कि साहिल खान है। आरोप है कि युवती को इस सच्चाई की जानकारी बाद में हुई।
25 मार्च को युवक के साथ गोल्डी जारी बाजार उसके घर रहने आ गई थी। इसके बाद परिवार से उसका संपर्क लगातार कम होता गया और फिर अचानक पूरी तरह समाप्त हो गया। परिजन के अनुसार, 6 जून को एक परिचित महिला से उन्हें चौंकाने वाली सूचना मिली कि गोल्डी की मौत हो चुकी है और उसका शव कब्रिस्तान में दफना दिया गया है। यह खबर सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
*परिवार के समक्ष पुलिस ने कब्र खोदकर निकाला शव
परिजन का आरोप है कि न तो उन्हें युवती की मौत की सूचना दी गई और न ही अंतिम संस्कार की जानकारी। मामले ने तब नया मोड़ ले लिया, जब परिजन की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कब्रिस्तान से शव निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। सूत्रों के अनुसार, पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है। गोल्डी अपने परिवार में सबसे छोटी थी। उसकी संदिग्ध मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, जारी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सहायक पुलिस आयुक्त बारा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती की मौत के पीछे की सच्चाई जांच के दायरे में है।

अन्य समाचार